फरीदाबाद। मानवता और पुलिस-जन सहयोग का बेहतरीन उदाहरण शुक्रवार को सामने आया, जब ज़ोन-10 के एएसआई कन्हैया लाल ने रोहतक से आई एक युवती की बड़ी परेशानी को तत्काल दूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रोहतक निवासी अंजलि UPSC (संघ लोक सेवा आयोग) द्वारा आयोजित एनफोर्समेंट ऑफिसर/अकाउंट ऑफिसर एवं असिस्टेंट प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (APFC) के पद पर चयनित होने हेतु परीक्षा देने फरीदाबाद आई थी। परीक्षा स्थल पर दस्तावेज़ दिखाने की अनिवार्यता के कारण आधार कार्ड का होना आवश्यक था, लेकिन अंजलि घर से निकलते समय अपना आधार कार्ड रोहतक स्थित घर पर भूल आई।
इससे वह परीक्षा से वंचित होने की स्थिति में आ गई और काफी परेशान हो गई। इसी बीच ड्यूटी पर मौजूद ZO-10 एएसआई कन्हैया लाल को इस बारे में जानकारी मिली। उन्होंने बिना समय गंवाए युवती को साथ लेकर अंबेडकर चौक पहुंचे और वहां स्थित कमल बुक डिपो पर आधार कार्ड का प्रिंट निकलवाने का प्रयास किया।
दुकान बंद होने पर एएसआई कन्हैया लाल ने दुकान संचालक को तुरंत घर से बुलवाकर दुकान खुलवाई और अंजलि का डुप्लीकेट आधार कार्ड प्रिंट करवाया।
इसके बाद एएसआई कन्हैया लाल खुद आधार कार्ड लेकर सीधे लोकदीप पब्लिक स्कूल पहुंचे और युवती को दस्तावेज सौंपे, जिससे वह समय पर परीक्षा दे सकी।
स्थानीय लोगों और अभ्यर्थियों ने एएसआई कन्हैया लाल की इस संवेदनशीलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है। उनका यह कदम न सिर्फ मानवीयता का परिचय देता है बल्कि पुलिस की सकारात्मक छवि को भी और मजबूत करता है।


