फरीदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प एवं दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इसी कड़ी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन देश एवं विश्वभर में उत्साहपूर्वक और अभूतपूर्व स्तर पर किया जा रहा है। फरीदाबाद में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, मुद्रण एवं लेखन सामग्री राज्यमंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री राजेश नागर एवं प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली का संदेश दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सफल जीवन जीने की भारतीय संस्कृति का अमूल्य उपहार है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि आज भले ही अनेक विद्यार्थी विद्यालयों के माध्यम से योग कार्यक्रम में शामिल होने आए हों, लेकिन यदि वे योग के महत्व को समझकर इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें तो यह उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने कहा कि योग एवं प्राणायाम के माध्यम से शरीर की प्रत्येक कोशिका तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचती है, जिससे शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है। कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाएं फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है तथा विश्व के 150 से अधिक देशों में लोग योग को अपना रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।
हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, मुद्रण एवं लेखन सामग्री राज्यमंत्री राजेश नागर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग है, जिसे आज विश्वभर में व्यापक स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान प्राप्त हुई और आज 190 से अधिक देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में उन्हें न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में आयोजित योग कार्यक्रम को देखने का अवसर मिला था, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योग को अपनाकर भारत की इस महान परंपरा का सम्मान किया।
राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, अनियमित खान-पान और बढ़ते मानसिक दबाव के कारण तनाव, चिंता तथा विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी विकास होता है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि योग और ध्यान के माध्यम से वे अपनी पढ़ाई, करियर तथा जीवन के अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। योग मन को शांत रखने के साथ-साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक ऊर्जा और एकाग्रता भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं और इससे स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। राज्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
योगाचार्य जयपाल, तथा योग विशेषज्ञ विकास यादव ने मंचासीन होकर योग योगाभ्यास का नेतृत्व किया और उपस्थित जनों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, वज्रासन, श्वासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास विभिन्न मुद्राओं में आसन करवाए।
इस अवसर भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज रामपाल पुनिया, जिला परिषद चेयरमैन विजय लोहिया, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, पूर्व जिलाअध्यक्ष गोपाल शर्मा, मुख्यमंत्री मीडिया कोर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, उपायुक्त आयुष सिन्हा, डीसीपी उषा कुंडू, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, सीटीएम अंकित कुमार आयुष विभाग से जिला आयुष अधिकारी डॉक्टर मनीषा लम्बा, आयुष विभाग से डॉ. मोहित वासुदेव सहित तमाम विभागों के अधिकारीगण व गणमान्य नागरिकों ने जिला स्तरीय 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होकर योगाभ्यास किया।


