फरीदाबाद। भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने आपातकाल की 51वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय था। उन्होंने कहा कि उस दौर में लोकतांत्रिक संस्थाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों का दमन किया गया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। सोहन पाल सिंह ने कहा कि भाजपा उन सभी लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करती है जिन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र की रक्षा तथा संवैधानिक मूल्यों को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कल फरीदाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर एवं केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी कृष्ण पाल गुर्जर आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को सेंट्रल पार्क में सम्मानित करेंगे। प्रेस वार्ता में जिप चेयरमैन विजय लोहिया,भाजपा के वरिष्ठ नेता टिप्पर चंद शर्मा, जिला महामंत्री कविंद्र चौधरी तथा अनुराग गर्ग भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नेताओं ने कहा कि आपातकाल लोकतंत्र पर एक गंभीर प्रहार था और देशवासियों को उस कालखंड से सीख लेकर लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा नेताओं ने कहा कि आपातकाल की स्मृति देश को यह संदेश देती है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।


