यूपी के कौशांबी में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे एक LPG टैंकर बेकाबू होकर टोल प्लाजा से टकरा गया। टक्कर के बाद तेज धमाका हुआ और टैंकर में आग लग गई। हादसे में टैंकर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। उसका शव पूरी तरह जल गया और कंकाल का कुछ हिस्सा ही बरामद हो सका। वहीं, पांच टोल कर्मचारी भी झुलस गए।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक टैंकर पूरी तरह जल चुका था। टोल प्लाजा के यार्ड में खड़ी 16 बाइकें और दो कारें भी आग की चपेट में आकर जल गईं। आग बुझने के बाद जब टीम टैंकर के अंदर पहुंची तो चालक की हड्डियां मिलीं। इससे पहले सूचना मिली थी कि चालक टैंकर से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल हो गया है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग की ऊंची लपटों को देखकर टोल प्लाजा के दोनों ओर बसों और कारों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 2 किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। घटना ओवरटेक के चक्कर में हुई। टैंकर की स्पीड लगभग 60-70 kmph के आसपास थी। इस दौरान टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराकर पलट गया। इस दौरान टैंकर ड्राइवर और कंडक्टर कूदकर मौके से फरार हो गए।
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया- टोल कर्मियों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा। इस वजह से पहले तेज धमाका हुआ, फिर आग लग गई। डीएसओ (DSO) और तकनीकी टीम को सूचित कर दिया गया है, जो मौके पर पहुंचकर घटना के सटीक कारणों की जांच करेगी।
उन्होंने बताया- हादसे में 7 लोग घायल हुए थे। 5 लोगों का जिला अस्पताल में शुरुआती इलाज कराया गया। पांच को हालत नाजुक देखते हुए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। 2 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।
घायलों की पहचान आलोक सिंह (25), कृष्णपाल मौर्य (26), हीरामणि सिंह (27), अतुल मिश्रा (25) और अनिल कुमार (35) के रूप में हुई है। प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि सभी 60% से ज्यादा झुलसे हैं। उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इन सभी को स्पेशल बर्न वार्ड में रखकर इलाज किया जा रहा है।


