फऱीदाबाद। नशा मुक्त के समापन अवसर पर अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाइयों ढ्ढ, ढ्ढढ्ढ एवं ढ्ढढ्ढढ्ढ द्वारा जागरूकता वृत्तचित्र प्रदर्शन एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष 26 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोध दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं एवं समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था।कार्यक्रम का शुभारंभ नशा मुक्ति विषय पर आधारित एक जागरूकता वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) के प्रदर्शन से हुआ। इस वृत्तचित्र के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को सही निर्णय लेने, आत्म-अनुशासन अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वृत्तचित्र के माध्यम से विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशे की रोकथाम के महत्व को गहराई से समझा। वृत्तचित्र प्रदर्शन के उपरांत महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए ग्राम चाँदावली में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियाँ लेकर नशे को कहो ना, स्वस्थ जीवन अपनाएँ, नशे से दूर रहें, नशा मुक्त भारत – विकसित भारत की पहचान तथा नशामुक्त युवा, सशक्त राष्ट्र जैसे प्रेरणादायक नारे लगाए। रैली का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय को नशे से दूर रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. सी. एस. वशिष्ठ के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. प्रियंका सहरावत (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस इकाई-2), डॉ. दीपमाला धनखड़ (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस इकाई-3) एवं सुश्री पूनम शर्मा (कार्यक्रम अधिकारी, एनएसएस इकाई-1) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण हेतु अपना सक्रिय सहयोग देने तथा समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।


