फरीदाबाद। नेपाल और रुद्रपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाडिय़ों मयंक और विश्वजीत ने अपने कोच एवं परिजनों के साथ हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वह यहां हर रविवार आयोजित होने वाले खुले दरबार में पहुंचे थे। इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने दोनों खिलाडिय़ों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि यह सफलता केवल खिलाडिय़ों और उनके परिवारों की ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। मंत्री राजेश नागर ने खिलाडिय़ों से संवाद करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करने और पदक जीतने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान मंत्री ने हरियाणा सरकार की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। इसी का परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। बता दें कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मयंक ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा विश्वजीत ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाडिय़ों के कोच रामकिशन पीटीआई एवं परिजनों ने मंत्री राजेश नागर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पहुंचे अन्य लोगों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया और अन्य अनेक लोगों की शुभकामनाएं एवं बधाइयां भी स्वीकार की।


