मानसून ने गुरुवार को पूरे देश को कवर कर लिया है। आमतौर पर यह 8 जुलाई को देश का पूरा हिस्सा कवर कर लेता है, लेकिन इस बार एक दिन लेट है।
मानसून के कारण सभी राज्यों में बारिश का दौर जारी है। यूपी में गुरुवार सुबह से नोएडा, मथुरा, मेरठ, बुलंदशहर समेत 50 शहरों में तेज बारिश हो रही है। नोएडा में सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया। वहीं, गाजियाबाद में 10 फीट सड़क धंस गई। इसमें कार और बाइक समा गई।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में नालूपानी और यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ। वहीं, टिहरी में बुधवार को NH-707A पर दुकानों के पास लैंडस्लाइड में एक मकान गिर गया। आसपास के दो से तीन मकान कभी भी गिर सकते हैं।
इधर, राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में बुधवार रात बारिश से एक मकान ढह गया। मलबे में से पति-पत्नी समेत लोगों का रेस्क्यू किया गया। वहीं, महाराष्ट्र के रायगढ़ में बारिश के बाद 3 हजार LPG सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए।
दिल्ली में बुधवार रात से शुरू हुई तेज बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। कई जगह पेड़ गिरने से ट्रैफिक प्रभावित रहा। दिल्ली-नोएडा एक्सप्रेसवे समेत कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लगा।
IMD के मुताबिक, 24 घंटे में सबसे ज्यादा 6.3 इंच (160 मिमी) बारिश उत्तर-पूर्वी दिल्ली के तुखमीरपुर में दर्ज की गई। वहीं, सफदरजंग में 2.9 इंच (72.6 मिमी) बारिश हुई।
मयूर विहार में 4.1 इंच (103 मिमी), दिल्ली यूनिवर्सिटी में 3.5 इंच (90 मिमी), महरौली में 3.4 इंच (86 मिमी), पूसा और लोधी रोड में 3.3 इंच (83 मिमी), रिज में 3.1 इंच (78 मिमी) और छतरपुर में 2.8 इंच (72 मिमी) बारिश दर्ज की गई।
यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग स्थानीय स्यानाचट्टी के पास लैंडस्लाइड से यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्रियों को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है। ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर गिर रहे हैं। यात्रियों से जहां है वहीं रहने की अपील की गई है। रास्ते में करीब 1000 यात्री फंस गए हैं।


