पटियाला में दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा पर तेजधार सुए से हमला कर दिया गया। हमलावर पीछे से दबे पांव दौड़कर आया और गली में जा रही लड़की की टांगों के बीच सुआ मारकर तुरंत भाग गया। इसके बाद लड़की दर्द में कराहती हुई गली में ही बैठ गई।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हमलावर युवक को साफ देखा जा सकता है। पुलिस का कहना है कि हमलावर को हिरासत में लिया गया है। उसके परिजन का कहना है कि युवक मानसिक रूप से बीमार है।
इधर, लड़की को घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टर ने उसकी मरहम पट्टी कर उसे छुट्टी दे दी। लड़की के टांगों के बीच हल्की चोट आई थी। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने पेंट पहना था, जिससे सुए से वार का बचाव हो गया।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना पटियाला के बिशन नगर इलाके की है। सामने आए सीसीटीवी के मुताबिक, यह वारदात 17 जुलाई की सुबह करीब 10 बजे हुई। यहां रहने वाली एक लड़की बैग लटकाकर स्कूल जा रही थी। उसने स्कार्फ से अपना चेहरा ढंका हुआ था।
जब वह बिशन नगर की गली नंबर-9 से गुजर रही थी, तभी पीछे से एक युवक दौड़ता हुआ और लड़की के पीछे टांगों के बीच सुआ मारकर भाग गया। चोट से घायल लड़की गली में ही चीखकर बैठ गई। इसके बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने वारदात की सूचना लड़की के परिजन को दी।
परिजन लड़की को फौरन निजी अस्पताल लेकर गए। वहां लड़की का इलाज कराया। हालांकि, चोट ज्यादा गहरी नहीं थी, इसलिए लड़की को मरहम पट्टी के बाद ही छुट्टी दे दी गई। इसके बाद परिजन ने पुलिस को मामले की सूचना दी।
थाना लाहौरी गेट के इंस्पेक्टर सौरव सभरवाल ने बताया कि लड़की पर हमला करने वाले आरोपी को कल शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था। जिसकी पहचान संजय उर्फ मूसा के नाम से हुई, विकास कॉलोनी का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि वह मानसिक तौर पर बीमार है और इसका इलाज भी चल रहा है।
अब इसका मेडिकल रिकॉर्ड देखा जा रहा है कि यह किस बीमारी की वजह से अपना इलाज करवा रहा रहा है और इसमें कितनी सच्चाई है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। लड़की की देवी गढ़ कस्बे के नजदीक के गांव की रहने वाली है।


