संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई। इसके पहले मंगलवार सुबह 11 बजे जैसे ही दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू हुई विपक्ष ने NEET पेपर लीक पर चर्चा की मांग की, प्लेकार्ड दिखाए और नारेबाजी की। भारी हंगामे के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही पहले 12 बजे तक और इसके बाद दोपहर 2 बजे तक स्थगित की गई थी।
सदन के बाहर आकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमें संसद में बोलने नहीं दिया जा रहा है, लोकतंत्र में ऐसा करना गलत है। वहीं, नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी लोकसभा स्पीकर से मुलाकात की।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और सैयद नासिर हुसैन ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत काम रोकने का नोटिस दिया है। उन्होंने NEET UG 2026 पेपर लीक मामले पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की है।
वहीं, इससे पहले संसद भवन में NDA संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि बैठक में पीएम मोदी ने बताया कि पेपर लीक मामले में दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने राज्यसभा में एम्स भुवनेश्वर के लिए एक नए सदस्य के चुनाव का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि एम्स अधिनियम के तहत यह चुनाव कराया जा रहा है। 2 अप्रैल 2026 को ममता मोहंता का राज्यसभा कार्यकाल खत्म होने से यह सीट खाली हुई थी, जिसे भरने के लिए सदन के एक सांसद को चुना जाएगा।
बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कल संसद के बाहर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर कहा कि उस दौरान सभी सांसद संसद के अंदर ही मौजूद थे और भीड़ के हमले के डर से काफी डरे हुए थे।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत यानी लाखों युवा अपनी समस्याएं बताने जंतर-मंतर पहुंचे थे। लेकिन सरकार ने उनकी बात सुनने के बजाय उन पर लाठियां चलवाईं।


