पेपर लीक संशोधन बिल को कैबिनेट की मंजूरी मिल गई है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को संसद में पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक हुई। बिल को 27 जुलाई को संसद में पेश किया जा सकता है।
जब केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव कैबिनेट की फैसलों की जानकारी देने आए तब उन्होंने पेपर लीक संशोधन बिल पर कोई जवाब नहीं दिया।
वैष्णव ने मीडिया के सवालों पर हर बार केवल एक शब्द कहा- नेक्स्ट। हालांकि उन्होंने मजाक में एक रिपोर्टर से कहा- आज कोई पेपर लीक नहीं हो रहा।
दरअसल, पीएम मोदी ने गुरुवार रात एक वीडियो जारी करके कहा था कि पेपर लीक संशोधन बिल पर शुक्रवार को कैबिनेट में चर्चा होगी, फिर इसे संसद में पेश किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा- हम इतने से संतोष करने वाले नहीं हैं। इसलिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का निर्देश दिया है।दरअसल, यह पूरा मामला 3 मई को हुए NEET UG पेपर लीक से जुड़ा है।
इसी NEET UG पेपर लीक के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर एक महीने से कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन कर रही है। सोनम वांगचुक ने 26 दिन अनशन किया और संसद में सांसद हंगामा कर रहे हैं।
फिलहाल मामले की जांच CBI कर रही है। इसमें महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली समेत कई राज्यों में पड़ताल हुई। अबतक 13 आरोपी पकड़े गए हैं। CBI जल्द ही इस चार्जशीट फाइल कर सकती है।
केंद्र ने संसद में बताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की आय 2019-20 में ₹504 करोड़ थी,जो 2023-24 में बढ़कर ₹1,116 करोड़ हो गई। इसी दौरान खर्च ₹440 करोड़ से बढ़कर ₹1,040 करोड़ पहुंच गया।
NTA में अब तक 270 से ज्यादा परीक्षाएं कराईं सरकार ने बताया कि 2018 में बनने के बाद NTA ने 270 से ज्यादा परीक्षाएं आयोजित कीं, जिनमें 6.6 करोड़ से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए। 2026 में अब तक 12 परीक्षाएं कराई गई हैं, जिनमें 65 लाख कैंडिडेट्स ने रजिस्ट्रेशन किया। NTA में 39 स्थायी पद हैं। इसके अलावा 73 संविदा और 124 आउटसोर्स कर्मचारी भी काम कर रहे हैं।
केंद्र सरकार ने गुरुवार को ही नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया। 17 सीनियर अधिकारियों के तबादले और प्रमोशन के आदेश जारी किए गए।
सबसे बड़ा फेरबदल शिक्षा मंत्रालय में ही हुआ। यहां 1994 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी नरेश पाल गंगवार को शिक्षा मंत्रालय के हायर एजुकेशन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा सचिव विनीत जोशी की जगह लेंगे। जबकि विनीत जोशी को पंचायती राज मंत्रालय सचिव बना दिया गया है।
इसके अलावा 1995 बैच के IAS अधिकारी टी.के. अनिल कुमार को पदोन्नत कर स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।


