फरीदाबाद। फरीदाबाद में हुई तेज वर्षा के दौरान शहर में अलग-अलग जगह करंट की चपेट में आने से डिलीवरी ब्वॉय समेत दो युवकों की मौत हो गई। पल्ला क्षेत्र में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगडऩे के बाद बिजली के खंभे का सहारा लेना 25 वर्षीय रामखिलावन को भारी पड़ गया। वहीं, ओल्ड फरीदाबाद की वेल्डिंग वर्कशॉप में काम करने के दौरान 22 वर्षीय अयान करंट की चपेट में आ गया। दोनों हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। सेहतपुर निवासी रामखिलावन पल्ला में सेहतपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित ब्लिंकिट के वेयरहाउस में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था। शुक्रवार रात वर्षा के दौरान वह मोटरसाइकिल से सामान की डिलीवरी करने गया था। वापस लौटते समय सडक़ पर बने गड्ढे में मोटरसाइकिल गिरने से उसका संतुलन बिगड़ गया।
खुद को संभालने के लिए रामखिलावन ने पास ही लगे बिजली के खंभे पर हाथ रख दिया। खंभे में करंट आ रहा था। करंट की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा हादसा ओल्ड फरीदाबाद में हुआ। कुरैशीपुर गांव निवासी अयान वेल्डिंग वर्कशाप में काम करता था। स्वजन के अनुसार शुक्रवार को तेज वर्षा के कारण वह काम पर नहीं गया था। शाम को वर्कशाप मालिक ने फोन कर उसे काम पर बुलाया। अयान ने वर्षा अधिक होने और काम के दौरान करंट लगने की आशंका भी जताई, लेकिन उसे काम पर बुलाया गया। वर्कशॉप में काम करने के दौरान अयान करंट की चपेट में आ गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। अयान की सगाई हो चुकी थी और करीब छह महीने बाद उसकी शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के बीच उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


