फरीदाबाद। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस किसी एक वर्ग, समाज या संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र का कार्यक्रम है। यह उन लाखों परिवारों के संघर्ष, त्याग और अदम्य साहस को नमन करने का अवसर है, जिन्होंने विभाजन की भीषण त्रासदी झेली और सब कुछ खोने के बावजूद अपने पुरुषार्थ, परिश्रम और संकल्प के बल पर स्वयं को पुन: स्थापित किया तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्री गोयल ने आगे कहा कि ऐसे परिवारों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। विभाजन की त्रासदी हमें यह सीख देती है कि भविष्य में ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति कभी न हो। नई पीढ़ी को भी इस इतिहास से अवगत कराना आवश्यक है, ताकि वे समझ सकें कि कितनी भी कठिन परिस्थितियां और दु:ख क्यों न आएं, धैर्य, परिश्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण के बल पर हर चुनौती का सामना किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल के करकमलों से विभाजन पीडि़त परिवारों को सम्मानित किया जाएगा, जो उनके संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान के प्रति देश की कृतज्ञता का प्रतीक होगा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर शुक्रवार को भाजपा फरीदाबाद जिला कार्यालय ‘अटल कमल’ पर फरीदाबाद जिले और फरीदाबाद महानगर जिले की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विभाजन विभीषिका प्रदेश आयोजन समिति के संयोजक जगदीश चोपड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, फरीदाबाद महानगर जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, विधायक मूलचंद शर्मा, विधायक सतीश फागना, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, विभाजन विभीषिका प्रदेश आयोजन समिति की प्रदेश सह संयोजक व पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा एवं बौधराज सिकरी, जिला महामंत्री प्रवीण गर्ग, अनुराग गर्ग मुख्य तौर पर उपस्थित रहे।
बैठक में विभाजन विभीषिका प्रदेश आयोजन समिति के संयोजक जगदीश चोपड़ा और कार्यक्रम प्रदेश सह संयोजक पूर्व शिक्ष मंत्री सीमा त्रिखा एवं बौधराज सिकरी ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस आयोजन समिति के प्रदेश संयोजक जगदीश चोपड़ा ने बताया कि 14 अगस्त को गुरुग्राम में राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें फरीदाबाद से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता एवं नागरिक भाग लेंगे। 16 अगस्त से महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को भारत विभाजन की वास्तविक घटनाओं एवं उसके दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। एक माह तक जिला स्तर पर युवाओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अंतर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, संवेदनशीलता एवं भारतीय संस्कारों का विकास करना है।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को भारत विभाजन की वास्तविक घटनाओं, उसके कारणों और उससे उत्पन्न मानवीय त्रासदी से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। विभाजन विभीषिका की सच्चाई से देश की नई पीढिय़ों को अवगत कराकर उन्हें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के प्रति जागरूक एवं प्रतिबद्ध बनाना इन कार्यक्रमों का प्रमुख उद्देश्य है। जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल और फरीदाबाद महानगर जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह और बौधराज सिकरी ने भी कार्यकर्ताओं को विभाजन विभिषका कार्यक्रम के तहत महीने भर होने वाले कार्यक्रमों के निमित विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, कार्यक्रम जिला संयोजक व कोषाध्यक्ष राजन मुथरेजा, प्रदेश प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा, पूर्व उपाध्यक्ष वजीर सिंह डागर, जिला मीडिया प्रमुख विनोद गुप्ता, अमित आहुजा, राजेश चौधरी, हरीश बैसला सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


