केरलम पुलिस ने सोमवार को RSS समर्थक और यूट्यूबर टीजी मोहनदास को गिरफ्तार कर लिया। उन पर NEET पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर विवादित बयान देने का आरोप है।
पुलिस ने जांच के लिए डिजिटल डिवाइस भी जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, मोहनदास ने 24-25 जुलाई को यूट्यूब चैनल ‘पथरिका’ पर वीडियो अपलोड किए थे।
मोहनदास ने वीडियो में कहा- ‘जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में ‘गैंगरेप की घटनाएं हो सकती हैं’, लेकिन इसकी कोई शिकायत नहीं होगी क्योंकि प्रदर्शन में शामिल होने वालों को रेप पसंद है और कुछ लड़कियां हैं जो रेप का आनंद लेती हैं।’
उन्होंने कहा था कि अगर वह होते तो जंतर-मंतर पर कर्फ्यू लगा देते और प्रदर्शनकारियों को हटने का आदेश देते। अगर प्रदर्शनकारी नहीं मानते, तो वे फायरिंग का आदेश देते।
मोहनदास को रविवार को हिरासत में लिए जाने के दौरान उनके कोच्चि स्थित घर के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस तिरुवनंतपुरम साइबर पुलिस स्टेशन और संबंधित कोर्ट के आसपास भीड़ या प्रदर्शन की आशंका को लेकर सतर्क है।
केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने कहा कि मोहनदास के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद उसे तुरंत साइबर सेल के IG को भेजा गया था। उनकी गिरफ्तारी कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है।
कोच्चि में BJP वार्ड पार्षद प्रिया प्रशांत ने दावा किया कि मोहनदास पर लगी धाराओं में तीन साल से कम की सजा का प्रावधान है और ऐसे मामलों में गिरफ्तारी जरूरी नहीं होती। उन्होंने कार्रवाई को कांग्रेस को खुश करने वाला राजनीतिक ड्रामा बताया।


