फरीदाबाद। सावन की फुहार, तीज की उमंग और पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं के उत्साह ने रविवार सायं सेक्टर-12 स्थित सेंट्रल पार्क बैंक्वेट का माहौल पूरी तरह उत्सवमय कर दिया। पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य को लेकर सक्रिय आरोहण ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीज महोत्सव में करीब 250 महिलाओं ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति और तीज की परंपराओं की मनमोहक छटा बिखेरी। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर पहुंचीं महिलाओं का आरोहण ट्रस्ट की अध्यक्ष नेहा गर्ग ने रंग-बिरंगा पटका पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में महापौर प्रवीण बतरा जोशी तथा बडख़ल क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा की पत्नी सोनाली अदलखा बतौर अतिथि शामिल हुईं।
इस मौके मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि तीज का त्यौहार जहां हरियाली का छटा बिखेरता है वहीं भारतीय संस्कृति का भी प्रतीक होता है, इस त्यौहार को महिलाएं धूमधाम से मनाती है क्योंकि यह खुशियों और सुख समृद्धि का प्रतीक होता है। महोत्सव में महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। सावन के पारंपरिक गीतों की धुन बजते ही महिलाओं के अलग-अलग समूह नृत्य के रंग में रंग गए। गीत-संगीत और नृत्य प्रतियोगिताओं के साथ महिलाओं ने झूले झूलकर तीज की पारंपरिक खुशियों का आनंद लिया। पूरे बैंक्वेट में उल्लास और उत्सव का ऐसा माहौल बना कि हर तरफ सावन और तीज के रंग नजर आए।महापौर प्रवीण बतरा जोशी ने महिलाओं के लिए इतने बड़े स्तर पर तीज महोत्सव आयोजित करने के लिए आरोहण ट्रस्ट की अध्यक्ष नेहा गर्ग और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक रिश्तों को भी मजबूत करते हैं।
आरोहण ट्रस्ट की अध्यक्ष नेहा गर्ग ने सभी अतिथियों और प्रतिभागी महिलाओं का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ट्रस्ट महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। तीज महोत्सव के प्रति महिलाओं के उत्साह को देखते हुए उन्होंने घोषणा की कि आरोहण ट्रस्ट अब प्रतिवर्ष तीज महोत्सव का आयोजन करेगा और आने वाले वर्षों में इसे और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा। तीज के पारंपरिक रंग, महिलाओं की आकर्षक वेशभूषा, सावन के गीत, नृत्य और झूलों ने आयोजन को यादगार बना दिया। 250 महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आरोहण ट्रस्ट के इस तीज महोत्सव को शहर के खास आयोजनों में शामिल कर दिया।आंचल गर्ग,प्रियंका छाबड़ा, मोनिका जिंदल, अनीता अग्रवाल, वंदना बंसल, शीलता देवी सरपंच, माला हलधर, रेनू अग्रवाल, दीप्ती ठक्कर, इशा रतरा, नेहा दूबे, आस्था जटवानी, भावना कपूर, सोनम कामरा, तसमीन कौर, अमरीन फातमी, सुनैना रैना, कोमल गोयल, एकता अग्रवाल, सोनिया यादव,संगीता शर्मा, सोनिया भाटिया, स्वीटी डुडेजा, संध्या बतरा भी मुख्य रूप से उपस्थित थीं।


