पुलिस अधीक्षक पलवल नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में पलवल पुलिस द्वारा अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मुंडकटी पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर चोर व कबाड़ी सहित दो आरोपी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
थाना मुंडकटी प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द ने बताया कि शिकायतकर्ता रवि डागर, जो 765kV डी/सी निमराना बरेली ट्रांसमिशन लाइन पर चौकीदार के पद पर कार्यरत है, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी ड्यूटी पर तैनात था, तभी उसे एक गाड़ी संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। शिकायतकर्ता ने गाड़ी को रोककर पूछताछ की, तो गाड़ी में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सद्दाम उर्फ मौसम निवासी नगला अहसानपुर बताया। तलाशी लेने पर गाड़ी से करीब 30 फुट बिजली का तार बरामद हुआ।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सद्दाम को हिरासत में लिया और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह तार चोरी करके अपने गांव के ही रहने वाले फारुक को बेचने जा रहा था। पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए आरोपी फारुक की कबाड़ की दुकान पर छापेमारी की, जहां से चोरी किए गए बिजली के तार बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी सद्दाम को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त गाड़ी भी बरामद की है। आरोपी फारुक को भी मामले में चोरी का सामान खरीदने पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


