महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक प्राइवेट अस्पताल के NICU (नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट)) में आग लग गई। घटना के समय वार्ड में 9 नवजात भर्ती थे। अस्पताल प्रशासन ने सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया।
घटना शहर के जालना रोड इलाके में स्थित एशियन अस्पताल में हुई। अस्पताल चलाने वाले डॉ. शोएब हाशमी के मुताबिक, स्टाफ ने एसी यूनिट से धुआं निकलते देखा था। इसके बाद अस्पताल की टीम ने तुरंत भर्ती सभी 9 नवजातों को बाहर निकाल लिया। सभी नवजात सुरक्षित हैं।
डॉक्टर ने बताया कि नवजातों को उनके परिजनों की सहमति से दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया गया। अस्पताल की टीम ने आग पर तुरंत काबू पा लिया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अस्पताल की सफाई कर दी गई है और अब वहां सामान्य रूप से काम चल रहा है।
इससे करीब 10 दिन पहले महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के NICU में भीषण आग लगी थी। इस हादसे में 3 नवजातों की मौत हो गई थी, जबकि 36 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। घटना के बाद राज्य सरकार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए थे।
महाराष्ट्र के अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। तीसरी मंजिल पर स्थित इस चाइल्ड केयर यूनिट में उस समय 39 नवजात भर्ती थे। इनमें 3 नवजातों की मौत हो गई। 36 को बचाया गया।


