पलवल। पलवल के गाँव रसूलपुर स्थित शिव मंदिर परिसर में आज बड़ौली ब्लॉक कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बड़ौली ब्लॉक अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश बघेल जी के नेतृत्व व जिला अध्यक्ष श्री नेत्रपाल अधाना जी की अध्यक्षता में किया गया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री श्री करन सिंह दलाल जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश में चल रहे संगठन सृजन अभियान को लेकर किया गया। बड़ौली ब्लॉक अध्यक्ष ओम प्रकाश बघेल ने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। ब्लॉक स्तर पर अध्यक्ष व कमेटी का गठन किया जा चुका है। संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक ब्लॉक में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री करन सिंह दलाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वोट चोरी कर देश व प्रदेश में सरकार बनाने वाली भाजपा ने राम मंदिर का चंदा भी चोरी कर लिया है। देश की जनता को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी के नाम पर लूटते-लूटते अब भगवान को भी लूट लिया।
उन्होंने कहा कि पलवल जिले का प्रशासन नेताओं के साथ मिलकर लोगों के जीवन को बदहाल करने में लगा है। पेंशन, परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी आदि के नाम पर लोगों को परेशान कर मोटी रकम वसूली जा रही है। जिले में पानी, बिजली और कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। चोरी, हत्या, धमकी, लूट जैसे अपराध दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सविता चौधरी, एससी सेल अध्यक्ष मास्टर सुगर सिंह, पलवल सेवादल अध्यक्ष देवदत्त सैक्ट्री, पलवल ब्लॉक अध्यक्ष अनूप पाराशर, हथीन ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र खोकियाका, हसनपुर अध्यक्ष विनोद बैंसला, उटावड़ अध्यक्ष जाहिद अजमत, युवा कांग्रेस पलवल अध्यक्ष मुकुल देशवाल, पूर्व अध्यक्ष निखिल भारद्वाज सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


