दिल्ली में जंतर-मंतर पर 3 महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। दिल्ली पुलिस ने जांच के लिए केस क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। क्राइम ब्रांच अब महिला पत्रकारों के बयान दर्ज करेगी और पूरे मामले की जांच करेगी।
एक महिला पत्रकार ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी नहीं थी। हिरासत में लेने के दौरान ACP विवेक भगत ने सीने पर हाथ मारा और धक्का देकर वहां से भाग गया।
उधर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रवक्ता सौरव दास पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे। CJP की मांग है कि एसीपी भगत के खिलाफ FIR हो।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने X पर गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा। उन्होंने कहा- पूरी दिल्ली की महिलाएं, छात्राएं अपनी सुरक्षा को लेकर घबराहट में हैं, सत्याग्रह कर रही हैं। दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन है। गृहमंत्री को जवाब देना चाहिए।
CEC ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर SIR को लेकर सवालों खड़े हुए हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी।
दावा है कि कई फैसले और आदेश संधू और जोशी की जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए। इसके बाद से विपक्ष ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए देशभर में प्रदर्शन कर रहा है।
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने 2 अक्टूबर को कहा कि ज्ञानेश कुमार ने इस्तीफा नहीं दिया तो 10 अक्टूबर को पूरे देश से कॉकरोच दिल्ली पहुंचेंगे।
दीपके ने लिखा- अगर दिल्ली पुलिस हमें रोकने की कोशिश करती है, तो जहां वे हमें रोकेंगे, वही हमारा जंतर-मंतर होगा। हमारा आंदोलन शांतिपूर्ण होगा। हम महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलेंगे।
मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी ने वोटर लिस्ट के SIR को लेकर भी सवाल उठाए। इस दौरान स्टेज पर मौजूद सभी लोग महात्मा गांधी की फोटो वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचे।


