फरीदाबाद। वार्ड नंबर 42 के पार्षद दीपक यादव ने सोमवार को बल्लभगढ़ के डीसीपी प्रतीक अग्रवाल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर क्षेत्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान बल्लभगढ़ मेन बाजार में हाल ही में हुई आगजनी की घटना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। पार्षद दीपक यादव ने बताया कि बाजार में जाम एवं अतिक्रमण के कारण फायर ब्रिगेड और जेसीबी जैसे आपातकालीन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने मांग रखी कि भविष्य में ऐसी किसी भी आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, पुलिस एवं राहत-बचाव वाहनों को बिना किसी बाधा के घटनास्थल तक पहुंचने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही सेक्टर-2 स्थित हुडा मार्केट में खुले में वाहनों के अंदर शराब पीने की शिकायतों का विषय भी डीसीपी साहब के समक्ष रखा गया।
वहीं सेक्टर-2 स्थित महिला कॉलेज के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था, नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई। पार्षद दीपक यादव ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, सुरक्षा तथा आमजन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी डीसीपी प्रतीक अग्रवाल के समक्ष रखा। डीसीपी प्रतीक अग्रवाल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई एवं सहयोग का आश्वासन दिया। पार्षद दीपक यादव ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि वार्ड नंबर 42 सहित पूरे बल्लभगढ़ क्षेत्र में नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिले। विशेष रूप से महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जनहित के मुद्दों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाया जाता रहेगा।


