फरीदाबाद। बल्लभगढ़ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को रिक्शा वितरित किए। इसके साथ ही बल्लभगढ़ के मेन बाजार में दुकानदारों और आमजन की सुविधा के लिए डस्टबिन भी वितरित किए गए। इस अवसर पर पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें शहरवासियों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में भगवान का वास होता है इसलिए अपने घरों व आसपास साफ सफाई रखे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने से सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। मेन बाजार में डस्टबिन उपलब्ध कराने का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलने से रोकना और बाजार क्षेत्र को साफ-सुथरा रखना है। कार्यक्रम में नगर निगम बल्लभगढ़ जोन के ज्वाइंट कमिश्नर करण सिंह सहित पार्षदगण, ग्रीवांस कमेटी मेंबर राहुल गोयल मार्केट कमेटी के प्रधान संजीव बैसला एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


