दिल्ली में राहुल गांधी के 5, सुनहरी बाग रोड स्थित आवास पर INDIA ब्लॉक के नेताओं की चाय पर बैठक खत्म हो गई है। अब विपक्षी नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा- हम एकजुट हैं, हर कुर्बानी साथ देंगे। वहीं, NCP-SCP नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि देश में संविधान खतरे में है और INDIA ब्लॉक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
राहुल के घर बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ और SIR के विरोध में आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा हुई। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और शशि थरूर समेत कई नेता शामिल हुए।
विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में 6, 7, 8, 9 और 12 अक्टूबर को प्रदर्शन किए। सोमवार को विपक्षी नेताओं ने बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला था। इसमें कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत 11 विपक्षी पार्टियों के नेता शामिल हुए थे। विपक्षी सांसदों ने SIR के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की।
प्रशांत भूषण ने कहा कि दिल्ली में वोट चोरी और SIR के खिलाफ 2 अक्टूबर से आंदोलन शुरू किया गया था, लेकिन सरकार ने इसे कुचल दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया गया और आंसू गैस चलाई गई।
भूषण ने कहा कि आंदोलन को रोका नहीं जा सकता, क्योंकि विरोध प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि अब इस विरोध में कई और संगठन शामिल होंगे। किसान संगठनों के साथ सिविल सोसाइटी और ट्रेड यूनियन भी आंदोलन में शामिल होंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि विपक्ष एकजुट है और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा- हम सब लोग एकजुट हैं। जो कुर्बानी देनी होगी, वह सब मिलकर देंगे। देश गांधी जी का देश है। जो भी संवैधानिक संस्थाओं को हाईजैक करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ हम लड़ते रहेंगे।
तेजस्वी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने लोकतंत्र को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार ने कठपुतली की तरह काम किया है और उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन होते रहे हैं और आगे भी होते रहेंगे, लेकिन प्रदर्शन स्थल को दिल्ली के बॉर्डर पर शिफ्ट करना सरकार के डर को दिखाता है।


