प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि सरकार का ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है, ताकि युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले और उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लिए लद्दाख का विकास प्राथमिकता है।
पीएम मोदी ने लद्दाख में करीब 3,350 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का वर्चुअली उद्घाटन और लोकार्पण किया।
इनमें लेह एयरपोर्ट का नया पैसेंजर टर्मिनल, 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दरचा सड़क, 9 मेगावाट का हानू हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट, बिजली ट्रांसमिशन लाइन, देश का पहला पेट्रोग्लिफ संरक्षण पार्क और 40 गांवों में बनाए गए जलाशय शामिल हैं।
इन प्रोजेक्ट्स से लद्दाख में हवाई और सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होगी। साथ ही बिजली की उपलब्धता, जल संरक्षण और प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
पीएम मोदी ने कहा- लद्दाख में खेलों की भी बहुत संभावनाएं हैं। यहां के युवाओं ने आइस हॉकी, पर्वतारोहण में नई पहचान बनाई है। यहां की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि युवा राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करें।
पीएम मोदी ने कहा- सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हो, स्थानीय उद्यमी देश-दुनिया से जुड़ सके, इसके लिए लगातार काम हो रहा है। हमारा ध्यान लद्दाख की नई पीढ़ी पर है। युवाओं को अच्छी शिक्षा मिले, उन्हें दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े, यहां सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बन रहा है।
पीएम ने कहा- प्रोजेक्ट हिम सरोवर के तहत बने 40 तालाब भी लद्दाख के लोगों को समर्पित किए गए हैं। हमेशा से ये कहा जाता है कि लद्दाख में प्रकृति के कारण जीवन मुश्किल है। दुर्भाग्य से ऐसी परिस्थितियों के बावजूद पहले की सरकारों ने लद्दाख के विकास को प्राथमिकता नहीं दी।
आज केंद्र के लिए यहां का विकास प्राथमिकता है। केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद यहां और भी ध्यान दिया गया है।
आज यहां 4 हजार किमी सड़कों का नेटवर्क था। पहले यहां 19 बड़े पुल थे, आज इनकी संख्या 75 है। हैलिपेड 4 से बढ़कर 40 हो गए हैं। आज यहां के 99 फीसदी घरों तक नल से जल पहुंच चुका है। लद्दाख के अस्पतालों में बेड्स की संख्या भी दोगुनी हो चुकी है।


