देशभर में SIR को लेकर प्रदर्शन के बीच BJP ने दावा किया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी वियतनाम गए हैं। पार्टी ने फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया है।
वीडियो में एक व्यक्ति दिखाई दे रहा है, जिसे BJP ने राहुल गांधी बताया है। पार्टी ने कैप्शन में लिखा- ‘झूठ फैलाते-फैलाते थक गया। कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं, किसी को क्या ही पता चलेगा।’
हालांकि, वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की पहचान और विमान के वियतनाम जाने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
कांग्रेस ने BJP पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल के विदेश जाने को मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है, जबकि दूसरे लोग भी विदेश यात्राएं करते हैं।
BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि राहुल पहले भी ऐसा पहले भी करते रहे हैं। बिहार में यात्रा के बाद भी राहुल गांधी वियतनाम यात्रा पर गए थे। संभव है कि इस बार भी वहीं गए हों।
वहीं BJP नेता शाजिया इल्मी ने कहा- राहुल राजनीतिक काम का दबाव नहीं सह पाते और कुछ समय बाद छुट्टी पर चले जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी दो हफ्ते भी काम नहीं कर पाए और फिर विदेश चले गए।
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने BJP के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी कहां जाते हैं और कब यात्रा करते हैं, इसे मुद्दा क्यों बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे लोग भी विदेश जाते हैं।
संदीप ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का बचाव करते हुए कहा कि वे येल यूनिवर्सिटी और लंदन में छात्रों से बातचीत करते हैं। वहां बुद्धिजीवियों से मिलते हैं और प्रेस को इंटरव्यू भी देते हैं।
संदीप दीक्षित ने पीएम नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संसद सत्र के दौरान विदेश न जाने की परंपरा प्रधानमंत्री ने भी तोड़ी है, लेकिन उस समय सवाल क्यों नहीं उठाए जाते।
राहुल गांधी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी कर चुके हैं। उन्होंने हाल के दिनों में विरोध-प्रदर्शन भी किए।
12 अक्टूबर को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और INDIA ब्लॉक के नेताओं ने दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला। इसके बाद याचिका भी दाखिल की। याचिका में रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में एक स्वतंत्र समिति बनाने की मांग की गई है। कहा गया है कि यह समिति तय समय के भीतर SIR के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों और किए गए बदलावों का स्वतंत्र ऑडिट करे।


