फरीदाबाद। दीपावली पर्व से पूर्व सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने विभिन्न सेवाओं में समर्पित सेवादारों को वस्त्र एवं प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर गुरुदेव ने अपने आशीर्वचनों में सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा केवल कार्य नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति समर्पण और कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को अहंकार त्याग कर निस्वार्थ भाव से सेवा करनी चाहिए। सेवा में पद, प्रतिष्ठा या प्रतिफल की अपेक्षा के बजाय श्रद्धा, विनम्रता और समर्पण का भाव होना चाहिए। गुरुदेव ने सेवादारों को इसी भावना के साथ निरंतर सेवा करते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा का भाव ही व्यक्ति को आध्यात्मिक रूप से आगे बढ़ाता है।
गुरुदेव की ओर से भेंट किए गए उपहार सेवादारों के प्रति आश्रम की कृतज्ञता और उनके समर्पण के सम्मान का प्रतीक रहे। इस अवसर पर सेवादारों में उत्साह और प्रसन्नता दिखाई दी। उन्होंने गुरुदेव के आशीर्वाद को प्राप्त कर आगामी दीपोत्सव सहित आश्रम के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों में और अधिक निष्ठा से सेवा करने का संकल्प लिया। उल्लेखनीय है कि आश्रम में पिछले कई दिनों से सेवादारों को उपहार भेंट करने और आशीर्वाद देने का क्रम जारी है।
About Us

QUICK LINKS
QUICK LINKS
- Disclaimer
- Terms & Conditions
- Privacy Policy

