परेश रावल ने हेरा फेरी 3 का विवाद खत्म करते हुए फिल्म में वापसी का कन्फर्मेशन दे दिया है। कुछ समय पहले ही क्रिएटिव डिफरेंस के चलते परेश रावल ने फिल्म हेरा फेरी 3 छोड़ दी थी, जिससे फैंस काफी निराश थे। हालांकि, अब एक्टर ने फिल्म में वापसी कन्फर्म करते हुए कहा है कि वो चाहते हैं कि सब साथ आएं और मेहनत करें।
परेश रावल से हिमांशू मेहता के पॉडकास्ट में हेरा फेरी 3 से जुड़े विवाद पर सवाल किया गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘नहीं कॉन्ट्रोवर्सी कुछ नहीं है। मुझे लगता है कि जब कोई चीज लोगों को इतनी ज्यादा भाती है तो आपको एक्स्ट्रा केयरफुल रहना होता है। ऑडियंस के प्रति हमारी कुछ जिम्मेदारियां हैं। ऑडियंस ने आपको बहुत सराहा है। आप चीजों को हल्के में नहीं ले सकते। मेहनत करके उनको दो। इसलिए मेरा मानना था कि सब हाथ में आएं, मेहनत करें और कुछ नहीं।’
बातचीत में जब परेश से पूछा गया कि क्या अब वो फिल्म में नजर आएंगे। इसके जवाब में एक्टर ने कहा है, ‘पहले भी आने ही वाली थी, लेकिन हमें खुद को और बेहतर बनाना था। आखिर में सब बहुत क्रिएटिव हैं, चाहे प्रियदर्शन हों, अक्षय हों या सुनील। वो मेरे सालों से दोस्त हैं।’


