फरीदाबाद। जिला उपायुक्त का फोटो वॉट्सऐप पर लगाकर पैसे मांगने के मामले में एक आरोपित को साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शहर में रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया था कि एक व्यक्ति ने अपने वॉट्सऐप की डीपी पर फरीदाबाद के डीसी का फोटो लगा रखा था।
उस व्यक्ति ने वाट्सएप काल की। तब वह फोटो दिखाई दिया। उस अनजान शख्स ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की है। उसे शक हुआ तो इस मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए जमतीन खुप हाकिप को मुनीरका दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित मूल रूप से मणिपुर के चुराचांदपुर के खेंगमोल गांव का रहने वाला है और दिल्ली में काफी समय से रह रहा है।
पूछताछ में सामने आया कि जिस खाता में पैसे डालने के लिए कहा गया, वह खाता आरोपित का था और यह खाता उसने आगे अपने साथी को दिया था। अभी पुलिस पैसे मांगने वाले आरोपित तक नहीं पहुंची है।
आरोपित को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। साइबर थाना प्रभारी के अनुसार आरोपित बड़े अधिकारियों, कारोबारी सहित अन्य की फोटो फेसबुक व अन्य इंटरनेट मीडिया से उठा लेते हैं।
अपने वॉट्सएप पर लगाकर उनके नाम से पैसे मांगते हैं। लोगों को ऐसी अनजान काल से सावधान रहने की जरूरत है। एक बार जिसके नाम पर पैसे मांगे जा रहे हैं, उन्हें काल जरूर कर लें।
टास्क के नाम पर 77 हजार ठगे
टेलीग्राम पर टास्क के बहाने ठगे 77 हजार 650 रुपये की ठगी के मामले में खाता उपलब्ध करवाने वाले चार आरोपितों को साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित सेक्टर-28 में रहते हैं। उनके पास अनजान ने फोन कर टास्क पूरा कर मुनाफा कराने का लालच दिया था। इसके बाद ठगी कर ली।
अब पुलिस ने जतिन वत्स को झज्जर के शिडीपुर गांव, विक्की मान काे बहादुरगढ़ के लावा कलां गांव, सुनील मीणा को राजस्थान माधोपुर के बामनवास के जग्गा की ढाणी व शुभम मीणा को जयपुर के जामडोली के प्रेम नगर से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपित ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाते थे। जतिन और विक्की क्रेडिट कार्ड के पैसों की रिकवरी एजेंट का काम करते है, वहीं सुनील व शुभम बीए पास है और बेरोजगार है।आरोपितों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।


