बिहार की राजधानी पटना में नामी कारोबारी गोपाल खेमका की घर के बाहर गोली मारकर हत्या बिल्डर अशोक शाह ने मरवाया था। शाह ने शूटर उमेश यादव को साढ़े 3 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। वह गोपाल खेमका का परिचित है। हत्या की असली वजह पुलिस मंगलवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताएगी। पटना पुलिस की विशेष टीम ने सोमवार को मास्टरमाइंड अशोक शाह, शूटर उमेश यादव के साथ हथियार सप्लायर राजा को भी गिरफ्तार किया था। इनमें से राजा की देर रात हुए एनकाउंटर में पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई।
पुलिस ने सबसे पहले शूटर उमेश यादव को मालसलामी इलाके से पकड़ा। पूछताछ के दौरान शुरुआत में तो घुमाता रहा। मगर बाद में उसने बिल्डर अशोक शाह के कहने पर गोपाल खेमका की हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के पुरानी म्यूजियम के पास स्थित उदयगिरी अपार्टमेंट में छापेमारी करने पहुंची और साजिशकर्ता अशोक शाह को गिरफ्तार किया। साथ ही राजा को भी पकड़ा गया।
अशोक शाह पटना के उदयगिरि अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 601 में रहता है। वह बिल्डर है और उसका सरिया का कारोबार भी है। गोपाल खेमका की उससे अच्छी जान पहचान थी। पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने मंगलवार सुबह एक टीवी चैनल को बताया कि बिजनेस को लेकर आपसी रंजिश में अशोक शाह ने खेमका को मरवाया। शाम में पीसी के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात उनके गांधी मैदान थाना क्षेत्र स्थित घर के बाहर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे की भी पूर्व में हत्या हो चुकी है।
एनकाउंटर में मारा गया हथियार सप्लायर
गोपाल खेमका हत्याकांड में शूटर उमेश यादव को हथियार सप्लायर करने वाला राजा उर्फ विकास सोमवार रात करीब सवा दो बजे एनकाउंटर में मारा गया। यह एनकाउंटर पटना सिटी में मालसलामी के पीरदमिया घाट के पास हुई। पुलिस राजा की निशानदेही पर हथियार बरामद करने गई थी। इसी दौरान राजा ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और राजा की गोली लगने से मौत हो गई।


