फरीदाबाद। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आज जिला फरीदाबाद के विभिन्न गांवों में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह के मार्गदर्शन और जीएम रोडवेज शिखा अंतिल के नेतृत्व में हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
ग्राम पंचायत कबूलपुर बांगर, ग्राम पंचायत पियाला सीकरी एवं मोहला, ग्राम पंचायत मंझावली, कौराली, शाहबाद, बहादुरपुर और गांव पाली में निकाली गई तिरंगा यात्राओं में बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति गीतों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की आज़ादी के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना और लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति जागरूक करना था।
तिरंगा यात्राओं में शामिल प्रतिभागियों को स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों के योगदान की जानकारी दी गई और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन यात्राओं में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। कई स्थानों पर स्कूलों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें देशभक्ति गीत, कविताएं और नृत्य शामिल थे।
उन्होंने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान का मकसद न केवल राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बढ़ावा देना है, बल्कि इसे हर नागरिक के जीवन में गर्व और एकता के प्रतीक के रूप में स्थापित करना भी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्राएं लोगों के मन में देशभक्ति की भावना को प्रबल करती हैं और स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को और अधिक सार्थक बनाती हैं।


