अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन इलाकों से 300 से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जांच में 166 बांग्लादेशी पाए गए हैं, जबकि अन्य संदिग्ध हैं, जिनके डॉक्यूमेंट्स की जांच की जा रही है।
2 जून की रात चलाए गए अभियान में अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में कार्रवाई की थी। हिरासत में लिए गए सभी लोगों को क्राइम ब्रांच कैंपस में रखा गया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि शहर के चंदोला इलाके में लगातार चलाए जा रहे अभियानों के चलते यहां बड़ी संख्या में रहने वाले अवैध निवासी एक ही जगह पर टिके रहने से बच रहे हैं। वे अब अपनी पहचान बदलकर शहर के अलग-अलग इलाकों में किराए के मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, होटलों, कामगारों के आवासों और व्यावसायिक स्थानों में रह रहे हैं।
इसीलिए पूरे शहर में एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अवैध प्रवासियों को पकड़ने की कार्रवाई लंबी चलने वाली है।
पूछताछ के दौरान कुछ बांग्लादेशियों ने कबूल किया है कि वे यहां कमाए गए पैसे बांग्लादेश में रहने वाले परिवार को कैश में ही भेजते है। इसके लिए वे दलालों का सहारा लेते थे। पहले पैसे कोलकाता भेजते थे और वहां से बांग्लादेश भेजते थे।
यह भी पता चला है कि कुछ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी बांग्लादेश पैसे भेजे जा रहे थे। पुलिस अब इन दलालों की तलाश में जुटी हुई है। सायबर क्राइम की टीमें भी इनके मोबाइल से मिले एप्लीकेशंस की जांच कर रही हैं।


