देश के कई हिस्सों में लू का असर तेज होता जा रहा है। तीन चौथाई हिस्सा हीटवेव की चपेट में हैं। उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और पश्चिम भारत के 5 राज्यों के 14 शहरों में पारा 44°C के पार जा चुका है।
इनमें वाराणसी, बांदा, रोहतक, झारसुगुड़ा, टिटलागढ़, अकोला, अमरावती, वर्धा, चंद्रपुर, यवतमाल, बाड़मेर, हमीरपुर, आगरा और राजनांदगांव शामिल हैं।
इधर, दिल्ली में शनिवार दोपहर को पारा 43°C तक पहुंच गया। जिसके चलते राममनोहर लोहिया हॉस्पिटल में ‘हीटस्ट्रोक यूनिट’ बनाई गई है। इसमें कूलिंग टब, 200kg बर्फ बनाने की मशीनें और पोर्टेबल आइस पैक भी रखे गए हैं।
उत्तर प्रदेश के 60 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। ओडिशा के झारसुगुड़ा में लगातार दूसरे दिन तापमान 44.8°C रहा। मध्य प्रदेश के 11 जिलों में लू का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश के 3 जिलों में हीटवेव चल रही है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मौसम तेजी से बदलने वाला है। 25 और 26 अप्रैल को सब-हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना है। 26 से 28 अप्रैल के बीच गंगा से सटे पश्चिम बंगाल और झारखंड में आंधी-तूफान का असर दिखेगा।
अगले 3-4 दिनों के दौरान गुवाहाटी में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 26 और 27 अप्रैल को बिहार में भी तेज आंधी और बारिश की संभावना है। खास तौर पर 26 अप्रैल को झारखंड के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने का अलर्ट जारी किया गया है।
वर्ल्ड वेदर ऑर्गनाइजेशन ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन कर कहा है कि अल नीनो कंडीशन मई से ही डेवलप होने की आशंका है। इसका मानसून पर नकारात्मक असर होगा। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने कहा था कि इस वर्ष बारिश सामान्य से कम हो सकती है।
एमपी में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। छतरपुर जिला सबसे गर्म है। यहां के दो शहर- खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म बने हुए हैं। खजुराहो में 43.9°C, नौगांव में 43.5°C पारा रिकॉर्ड किया गया। इसके बावजूद भोपाल समेत कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं की गई है।


