आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने वाले 7 में से 3 राज्यसभा सांसदों हरभजन सिंह भज्जी, राजिंदर गुप्ता और LPU के संस्थापक अशोक मित्तल के खिलाफ AAP के वर्करों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने जालंधर में भज्जी और लुधियाना में ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजिंदर गुप्ता के घर के बाहर गद्दार लिख दिया। फगवाड़ा में सांसद अशोक मित्तल की यूनिवर्सिटी LPU के गेट पर भी ‘पंजाब का गद्दार’ लिख दिया गया।
इस दौरान पुलिस वहां मौजूद रही लेकिन उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोई खास कोशिश नहीं की। इससे पहले पंजाब के CM भगवंत मान ने 7 AAP सांसदों के पार्टी छोड़ने को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात का टाइम मांगा है। पंजाब सीएम ऑफिस से जुड़े सोर्सेज के मुताबिक सीएम मान पंजाब के सभी विधायकों को लेकर दिल्ली जाकर राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। वह पार्टी बदलने वाले 7 सांसदों के राइट टू रिकॉल की मांग करेंगे और इस पर अपना पक्ष रखेंगे।
इसके अलावा AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह उपराष्ट्रपति से मिलेंगे। जहां वे पार्टी छोड़ने वाले सांसदों की सदस्यता रद्द करने की मांग करेंगे। संजय सिंह और पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि सिर्फ 3 ही सांसद भाजपा में शामिल हुए हैं। बाकी 4 अभी उनकी ही पार्टी में हैं।
राघव चड्ढा ने कल दावा किया था कि उनकी पार्टी के राज्यसभा में 10 सांसद हैं। इनमें से दो तिहाई यानी 7 सांसद हमारे साथ हैं। ऐसे में हमारे ऊपर दलबदल कानून लागू नहीं होता। इसे खारिज करते हुए वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि सिर्फ 3 ही सांसद भाजपा में गए हैं। 2 सांसदों स्वाति मालीवाल और राजिंदर गुप्ता के फर्जी साइन किए गए हैं।
दरअसल, कल पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसदों ने कल (24 अप्रैल) पार्टी छोड़ दी। इनमें से 6 पंजाब से हैं। पार्टी छोड़ने के बाद पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को ही सांसद अशोक मित्तल और संदीप पाठक के साथ BJP जॉइन कर ली। राघव चड्ढा के मुताबिक हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता भी हमारे साथ हैं।
इसी बीच AAP में भी हलचल बढ़ गई है। AAP के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया कल ही गुजरात से लौटे थे, जिसके बाद दिल्ली एयरपोर्ट से सीधे वह AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद शनिवार सुबह ही पंजाब की AAP सरकार में सेहत मंत्री डॉ. बलवीर सिंह ने दिल्ली में सिसोदिया से मुलाकात की।
यहां मीडिया से बात करते हुए मंत्री डॉ. सिंह ने कहा- पंजाब में बीजेपी ऑपरेशन लोटस चला रही है। सांसदों ने पंजाब से विश्वासघात किया। रिजाइन करके क्यों नहीं किए। अशोक मित्तल के ठिकानों पर 4 दिन रेड चली, लेटर साइन होने के बाद ही ये बंद हुईं। सिसोदिया से मुलाकात पर मंत्री ने कहा- अपने नेताओं को मिलते रहते हैं ओर मिलना भी चाहिए।


