केरलम के अगले सीएम के नाम की घोषणा अगले 24 घंटे में हो सकती है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के. मुरलीधरन ने राहुल गांधी से मिलने के बाद दावा किया कि मंगलवार रात या बुधवार सुबह तक मुख्यमंत्री का नाम सामने आ जाएगा।
उन्होंने मंगलवार को सोनिया गांधी के आवास ’10 जनपथ’ पर राहुल और केरलम कांग्रेस के नेताओं के साथ अगले CM के नाम पर चर्चा की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मंगलवार शाम को बेंगलुरु से दिल्ली आ रहे हैं। उनके आने के बाद एक और दौर की बातचीत होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम पर आखिरी फैसला होगा।
2026 केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को ही आ गए थे। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF गठबंधन को 140 में से 102 सीटें मिली थीं।
4 मई को 5 राज्यों के चुनावों के रिजल्ट आने के बाद बंगाल, असम और तमिलनाडु में नए सीएम की शपथ हो चुकी है। पुडुचेरी में सीएम रंगासामी बुधवार को शपथ लेंगे। केरलम को अपने नए CM का इंतजार है।
कांग्रेस आलाकमान ने सोमवार को केरलम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों को दिल्ली बुलाया था। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी की केरलम सीएम के लिए पहली पसंद केसी वेणुगोपाल हैं। राहुल ने दिल्ली में वेणुगोपाल से अकेले में मुलाकात भी की थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 75-80% सदस्यों ने केसी वेणुगोपाल को समर्थन दिया। वीडी सतीशन को 6 विधायकों का समर्थन मिला। बैठक के बाद तीन पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ने सतीशन का समर्थन किया। UDF के सहयोगी दल IUML और केरलम कांग्रेस (जोसेफ) ने भी सतीशन को समर्थन दिया है।
हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री बने हैं। असम के गवर्नर लक्ष्मण आचार्य ने गुवाहाटी के खानापारा वेटरनरी कॉलेज ग्राउंड में उन्हें पद और गोपनियता की शपथ दिलाई।


