देशभर में दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है। राजस्थान में मंगलवार को चार जिलों में 45°C से ज्यादा तापमान रहा। बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, यहां 48.3°C तापमान दर्ज किया गया। फलोदी, चित्तौड़गढ़ और बीकानेर में पारा 45 से 46°C के बीच रहा।
उत्तर प्रदेश के संभल में बुधवार को दिन में अंधेरा छा गया। तेज हवा के साथ धूलभरी आंधी चली। मेरठ में तेज बारिश हुई। आज राज्य के 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट है।
मध्य प्रदेश के रतलाम में तापमान 46.5°C पर पहुंच गया। निवाड़ी के बीजौर में तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिरे। हरियाणा के पिनगवा में भी ओले गिरे। पंचकूला, यमुनानगर, करनाल और गुरुग्राम में तेज बारिश हुई।
बिहार के जमुई और बांका में बिजली गिरने से एक बच्चा समेत 5 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र के सांगली में तेज आंधी के कारण एक मंदिर की दीवार गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं, केरल के मलप्पुरम में बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस हफ्ते के आखिर तक दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह तक पहुंच सकता है।
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी उसी इलाके में सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती घेरा समुद्र तल से करीब 4.5 किलोमीटर ऊपर तक फैला हुआ है। विभाग ने कहा कि अगले 48 घंटों में यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है।
आमतौर पर मानसून 20 मई के आसपास अंडमान-निकोबार पहुंचता है। मानसून 1 जून को केरल में दस्तक देता है। इसके साथ ही देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन की शुरुआत मानी जाती है, जो सितंबर तक चलता है।
बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां दिन का तापमान 48.3°C रहा। ये सीजन का अब तक का सबसे अधिक टेम्प्रेचर है। मौसम विभाग ने बुधवार को 3 जिलों में गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। दिन के समय लोगों को घर से नहीं निकलने की भी एडवाइजरी जारी की गई है।


