राजस्थान में मानसून के इंतजार के बीच गुरुवार को जयपुर में तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे में हुई 50mm बारिश से सड़कें डूब गईं। कई वाहन पानी की वजह से बंद हो गए। कई दुकानों-मकानों में भी पानी भर गया।
कोलकाता में भी कुछ ऐसा ही हाल रहा। दोपहर में करीब एक घंटे की बारिश से शहर की मुख्य सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया। कोलकाता के SSKM अस्पताल के अंदर तक पानी घुस गया। इससे मरीज और उनकी देखभाल करने वाले लोगों को काफी परेशानी हुई।
बारिश से हादसों की आशंका को देखते हुए मध्य प्रदेश के इंदौर में 15 पर्यटन स्थलों में 22 अगस्त तक एंट्री बंद कर दी गई है। राज्य के शाजापुर में गुरुवार को बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 2 से 4 दिनों में मानसून पूरे राज्य को कवर कर सकता है।
इधर, यूपी में मानसून 8 दिन लेट है। यह आमतौर पर 20 जून तक आ जाता है लेकिन इस बार 15 दिनों से बिहार बॉर्डर पर रुका है। राज्य के 8 जिलों में गुरुवार को हीटवेव के हालात रहे। बिहार के 13 जिलों में तेज धूप के साथ गर्म हवा चली।
मानसून ने 24 जून को मध्य प्रदेश में एंट्री की थी, 15 जिले कवर किए थे। लेकिन मानसून इससे आगे नहीं बढ़ा है। हालांकि, आज 45 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2 दिन में मानसून भोपाल-उज्जैन संभाग में दाखिल हो सकता है।मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 28 जून को मानसून की एंट्री हो सकती है। गुरुवार को पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे, कई जिलों में प्री-मानसून बारिश भी हुई। दूसरी तरफ राज्य में हीटवेव का भी असर है। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 43.0°C रहा, जो पूरे देश में सबसे ज्यादा था।राजस्थान में गुरुवार को प्री-मानसून बारिश का असर रहा। जयपुर, अजमेर, कोटा, भरतपुर, बीकानेर संभाग में तेज आंधी के बाद तेज बारिश भी हुई। जयपुर में आधा घंटे में 50mm बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। नागौर, भीलवाड़ा, जोधपुर, कोटा में भी 20mm से 35mm बारिश हुई।


