BRICS समिट में परोसे गए खाने की आलोचना करने पर भाजपा ने सोमवार को कांग्रेस पर फिर पलटवार किया।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने समिट में हासिल की गई भारत की उपलब्धि के बजाय डिनर के मेन्यू पर ध्यान दिया। यह बेहद हास्यास्पद और शर्मनाक है। सुधांशु ने कहा कि कांग्रेस नेताओं का रवैया साबित करता है कि वे ‘नाराज फूफा’ ही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने रविवार को ब्रिक्स डिनर में केवल शाकाहारी खाना परोसे जाने पर कहा था कि, सरकार ने मेहमानों पर अपने खान-पान की पसंद थोप दी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सीधे तौर पर BRICS डिनर का जिक्र नहीं किया। उन्होंने कहा था कि 80% भारतीय मांसाहारी हैं।
दरअसल 12 सितंबर को आयोजित डिनर के मेन्यू में पनीर के साथ सूखी सब्जी, चुकंदर का रायता, गुजराती खांडवी और मिलेट्स का पुलाव रखा गया था। कश्मीर की मशरूम डिश और मिठाई में फ्रूट क्रीम विद जलेबी भी परोसी गई थी।
जवाब में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पोस्ट करते हुए लिखा कि मुझे यकीन नहीं हो रहा कि कांग्रेस पार्टी BRICS देशों के नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है।
हमारे मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी भोजन का आनंद लिया, जो स्वाद और पोषण से भरपूर था और जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराओं की झलक थी।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने X पर लिखा- बीजेपी का साथी भारतीयों पर अपनी खान-पान संबंधी पसंद थोपना पहले से ही बेहद समस्या है। अब उन्होंने दुनिया भर से आए गणमान्य लोगों पर भी अपनी पसंद थोपकर इसे एक कदम आगे बढ़ा दिया है।
भारत एक समृद्ध, विविधतापूर्ण और कई तरह के व्यंजनों वाला देश है। यहां मांसाहारी व्यंजनों की भी कई बेहतरीन किस्में हैं, जिन्हें दुनियाभर के लोग पसंद करते हैं और बड़े चाव से खाते हैं।


