पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में 12 साल की भतीजी से रेप-मर्डर के आरोपी दिलीप रॉय की सोमवार सुबह पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, रायगंज के परापुकुर गांव में उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की गई थी।
इस दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई, जो पुलिस वैन के टायर में लगी। जवाबी गोलीबारी में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस घटना के बाद से फरार आरोपी की चार दिन से तलाश कर रही थी। राज्य मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कानून तोड़ने वालों को पुलिस का सामना करना पड़ेगा। राज्य में मई में भाजपा की सरकार बनने के बाद पुलिस मुठभेड़ में किसी आरोपी की मौत का यह चौथा मामला है।
परिवार के मुताबिक, बच्ची 3 नवंबर को साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 5 नवंबर को कुलिक नदी के पास जंगल में उसका शव मिला। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया था।
पुलिस के मुताबिक, दिलीप रॉय बच्ची का रिश्तेदार था और उसे नदी दिखाने के बहाने जंगल ले गया था। घटना के बाद वह फरार हो गया था। पुलिस को सोमवार रात करीब 2 बजे सूचना मिली थी कि आरोपी बिहार सीमा के पास छिपा है। इसके बाद परापुकुर इलाके में छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, झारखंड का रहने वाला दिलीप बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल से भागने की कोशिश कर रहा था।
पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद 1 मई से 24 सितंबर के बीच रेप के 2,454 मामले दर्ज हुए। यानी औसतन हर दिन करीब 17 मामले सामने आए। इस दौरान हत्या के 600, हत्या की कोशिश के 13,114 और गंभीर चोट पहुंचाने के 32,341 मामले भी दर्ज किए गए।
वहीं, क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान पुलिस की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने वाले आरोपी की मौत की छह महीने में यह चौथी घटना है।
ये आंकड़े राज्य अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (SCRB) के हवाले से RTI के जवाब में सामने आए हैं। RTI आवेदन TMC नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद साकेत गोखले ने दाखिल किया था।
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के गायघाटा में 17 साल की छात्रा से रेप और हत्या के आरोपी 23 साल के युवक की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। क्राइम सीन रीक्रिएशन के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।


