फरीदाबाद। इस्कॉन फरीदाबाद द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य शोभायात्रा का आयोजन कल श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। यह शोभायात्रा इस्कॉन के 60वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा थी।
शोभायात्रा का शुभारंभ शाम लगभग 5:30 बजे मथुरा रोड स्थित सराय मार्केट से हुआ। भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की दिव्य विग्रहों को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर भक्तों द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा देर शाम सेक्टर-37 स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
इस भव्य शोभायात्रा में लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तगण हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करते हुए चल रहे थे। भजन-कीर्तन, नृत्य और भक्तिमय वातावरण ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक उल्लास से भर दिया। मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
जगन्नाथ शोभायात्रा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। भगवान श्री जगन्नाथ को उनके मंदिर से बाहर लाकर भक्तों को सहज रूप से उनके दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर दिया जाता है। यह परंपरा भगवान के अपने भक्तों के बीच आने और सभी लोगों पर अपनी कृपा बरसाने का प्रतीक मानी जाती है। शोभायात्रा के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को भगवान के दर्शन, हरिनाम संकीर्तन और भक्ति से जुड़ने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर इस्कॉन फरीदाबाद के मंदिर अध्यक्ष गोपीश्वर दास ने कहा, “भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से शोभायात्रा का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लगभग 1500 श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लेकर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। भगवान जगन्नाथ सभी जीवों के कल्याण के लिए अपने भक्तों के बीच आते हैं। इस्कॉन अपने 60वें स्थापना वर्ष में श्रील प्रभुपाद के संदेश—हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन और कृष्णभावनामृत का प्रसार—को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।”
इस्कॉन फरीदाबाद के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी भक्तों, स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
About Us

QUICK LINKS
QUICK LINKS
- Disclaimer
- Terms & Conditions
- Privacy Policy

