कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी के बाद अब उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की पंचाचूली, हरदेवल, नंदा देवी और नंदा कोट के साथ चमोली में बद्रीनाथ-हेमकुंड की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई है। बारिश और बर्फबारी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
बिहार में गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती नदियों के उफान से बाढ़ की स्थिति बन गई है। राज्य के 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। भागलपुर में रिंग बांध ओवरफ्लो होने से सुल्तानगंज के करीब 4 हजार घर पानी में डूब गए।
वहीं, यूपी में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है। बरेली में रविवार दोपहर से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते फायर स्टेशन में 3 फीट तक पानी भर गया। घरों के किचन और बेडरूम तक घुटनों तक पानी पहुंच गया।
यूपी के 58 जिलों में आज सोमवार को बारिश का अलर्ट है। इनमें 6 जिलों में बहुत भारी तो 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 54 जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 90 मिमी बारिश बिजनौर में दर्ज की गई।राजस्थान में तेज बारिश का दौर धीमा पड़ गया है। मौसम विभाग ने आज 7 जिलों- भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, दौसा, बारां और झालावाड़ में बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद आगामी एक सप्ताह मानसून कमजोर रहने और मौसम ड्राई रहने की संभावना है।
हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अभी जारी रहेंगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के अनुसार 7 सितंबर से 12 सितंबर तक प्रदेश में बारिश का दौर बना रहेगा। हालांकि 7 से 10 सितंबर के बीच केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 11 और 12 सितंबर को कई जिलों में फिर से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।पंजाब और चंडीगढ़ के विभिन्न जिलों में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश अब कम होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। आज (7 सितंबर) को पंजाब के 14 जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।


