देशभर में बकरीद का त्योहार मनाया जा रहा है। मुस्लिम धर्मावलंबी ईदगाहों में नमाज पढ़ने पहुंचे। पीएम नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं।
राजस्थान के अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में जन्नती दरवाजा खोला गया। यूपी, बंगाल दिल्ली में पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स फ्लैग मार्च कर रही है। मस्जिदों और ईदगाहों पर ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जा रही है।
उत्तराखंड, चंडीगढ़ की मस्जिदों और ईदगाहों में इस बार नमाजी पोस्टर लेकर पहुंचे। जिन पर लिखा था- गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करें।
ईद-उल-अजहा या बकरीद को ‘बलिदान का त्योहार’ भी कहा जाता है। यह इस्लामी हिजरी कैलेंडर के 12वें महीने, धू अल-हिज्जा के 10वें दिन मनाया जाता है। यह मक्का में होने वाली सालाना हज यात्रा के समापन का प्रतीक है।
बकरीद की तारीख हर साल बदलती रहती है क्योंकि यह चंद्र कैलेंडर पर आधारित होता है, जो ग्रेगोरियन कैलेंडर से लगभग 11 दिन छोटा होता है। इसका नतीजा यह होता है कि पश्चिमी कैलेंडर में ईद हर साल थोड़ा पहले आ जाती है।
यूपी में गुरुवार को ईद-उल-अजहा मनाई जा रही है। आगरा के ताजमहल परिसर में 5 हजार लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। संभल-वाराणसी में ईदगाह और मस्जिदों के बाहर पुलिस की तैनाती की गई है। कानपुर में ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
बुलंदशहर में ईदगाह मस्जिद में भीड़ अधिक होने पर कुछ लोग बाहर नमाज पढ़ने की कोशिश करने लगे। सीओ ने उन्हें रोका तो नमाजी नाराज हो गए। उन्होंने सपा नेता और पूर्व विधायक होशियार सिंह और जिला पंचायत सदस्य सुनील चरोरा से शिकायत की।
इसके बाद नेताओं और सीओ विकास चौहान के बीच तीखी बहस हुई। हंगामा बढ़ता देख सीओ ने नेताओं के सामने हाथ जोड़ लिए। कहा- आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं। यहां से चले जाइए।


