फरीदाबाद। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा है कि हरियाणा में भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलीभगत कर जनभावना को हराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ की रेल है, हर चुनाव से पहले मालगाड़ी में झूठ के बोरे भरकर देशभर में बांट देती है। प्रदेश में झूठ फूट और लूट की सरकार चल रही है। विकास अगर कहीं हुआ तो बीजेपी के कार्यालयों का विकास हुआ, बीजेपी बैंक खाते जमा पैसों का विकास हुआ। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा गुरुवार को कांग्रेस से पूर्व प्रत्याशी एवं युवा नेता रोहित नागर द्वारा आयोजित तिगांव ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान सम्मेलन में पहुंचने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल नागर व पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर के संयोजन में ‘गदा’ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया। इससे पूर्व उन्हें मुख्य मार्ग से जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्प वर्षा करके सभा स्थल तक लाया गया, युवाओं की टोलियों ने दीपेंद्र हुड्डा को अपने पलक पावडे बिठाकर उनका शहीदों की धरती तिगांव में पधारने पर जोरदार स्वागत किया। लोगों के उत्साह से गद्गद् सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि आज बीजेपी के बैंक खातों में घोषित रूप से 15,000 करोड़ रुपये जमा हैं जबकि, कांग्रेस के पास सौ करोड़ ही बैंक खाते में है।
बीजेपी वाले बिना बैंक खाते के कितना कैश लिए बैठे हैं उसका तो कोई हिसाब ही नहीं है। बीजेपी ने फर्जी नामों से पार्टियां रजिस्टर करा ली। एक तो यहीं फरीदाबाद में बीजेपी ने राष्ट्रीय विकास पार्टी के नाम से पार्टी रजिस्टर कराई है। ऐसी अनेक पार्टियां गुजरात के पते पर रजिस्टर हैं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद में आम लोग बिजली, पानी, सडक़, साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं तक को तरस रहे हैं। जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, सडक़ों पर सीवर का पानी बह रहा है, लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय फरीदाबाद में 700 करोड़ रुपए की लागत से ईएसआई मेडिकल कॉलेज बनाया गया। कांग्रेस सरकार के समय ही बदरपुर फ्लाईओवर का निर्माण हुआ, 82 किलोमीटर मेट्रो बनी जबकि, बीजेपी सरकार के 12 वर्षों के शासनकाल में एक इंच मेट्रो नहीं बनी। कांग्रेस सरकार के समय फोरलेन सिक्स लेन सडक़ बनी, आईएमटी पृथला की स्थापना की गई। वाईएमसीए यूनिवर्सिटी, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी संरचनाओं का काम हुआ। वार्ड, मोहल्ले, गलियों को सीमेन्टेड सडक़ों से पाट दिया गया था और पीने के पर्याप्त पानी की व्यवस्था व सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त किया गया था।
लेकिन आज खारे पानी की समस्या पूरे फरीदाबाद में है लोगों को पीने का साफ पानी तक मिलना दुश्वार हो रहा है। लोग पानी भी खरीद कर पीने को मजबूर हैं। फरीदाबाद निगम में 200 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार हुआ। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को खोखला कर दिया और प्रदेश को विकास की पटरी से उतार दिया। बीजेपी सरकार ने 12 साल में देश, प्रदेश और फरीदाबाद का काफी नुकसान कर दिया है। जो हरियाणा प्रदेश 2014 तक देश में विकास का पर्यायवाची माना जाता था, खुशहाली के लिए जाना जाता था, अच्छी कानून-व्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, आर्थिक विकास दर, खेल खिलाडिय़ों में, किसानों को फसलों का भाव देने में हरियाणा नंबर एक था। वो हरियाणा बेरोजग़ारी में नंबर एक पर, नशाखोरी में नंबर एक पर, डंकी के रास्ते विदेशों की ओर पलायन में नंबर एक पर बन गया है। क्योंकि हरियाणा का नौजवान अपना भविष्य अंधकार में देख रहा है। बीजेपी सरकार में प्रदेश की कानून-व्यवस्था चौपट हो गई है, चारों तरफ अंधेरगर्दी है, जेल से फिरौतियों की कॉल आती है। बीजेपी नेताओं के भ्रष्टाचार में प्रदेश नंबर एक पर पहुँच गया। हरियाणा की जनता तो कष्ट का जीवन काट रही है और बीजेपी के विधायक और बीजेपी के मंत्री दीनदयाल कॉलोनियां काट रहे हैं।
कहीं माइनिंग में भ्रष्टाचार हो रहा है, जनता त्रस्त है और बीजेपी वाले भ्रष्टाचार में मस्त हैं। इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक रोहित नागर ने श्री हुड्डा का आभार जताते हुए कहा कि तिगांव सहित समूचे फरीदाबाद में कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के समक्ष उजाकर कर इस दोगुली सरकार का चेहरा बेनकाब करने का काम कर रही है। उन्होंने श्री हुड्डा को विश्वास दिलाया कि आने वाले चुनावों में जनता इस भ्रष्ट सरकार को सत्ता से उखाड़ेगी और कांग्रेस के रुप में अपनी सरकार चुनने का काम करेगी। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विधायक रघुबीर तेवतिया, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल नागर, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर, पराग शर्मा, जेपी नागर, कांग्रेस प्रवक्ता नीरज गुप्ता, तरुण तेवतिया, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, ठाकुर राजा राम, वेदपाल दायमा, रेनू चौहान, विकास दायमा, संजय सोलंकी, अनिल नेताजी, उमेश कौशिक, बाबूलाल, सुंदर नेता जी समेत युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


