मोदी सरकार के मंत्रियों का आज से 2 दिन का चिंतन शिविर शुरू हो गया है। यह 24 सितंबर तक चलेगा। इसमें पीएम मोदी कैबिनेट मिनिस्टर्स की क्लास लेंगे। सरकार के एक मंत्री ने भास्कर को बताया कि शिविर के पहले दिन हर मिनिस्टर अपने मंत्रालय के काम का प्रेजेंटेशन देगा।
दूसरे दिन रिव्यू होगा। रिव्यू में ग्रेडिंग दी जाएगी। एक्सीलेंट, गुड, एवरेज, पुअर। एक्सीलेंट से लेकर गुड तक ग्रीन जोन में होंगे। एवरेज और उससे नीचे के मंत्री रेड जोन में आ जाएंगे। मतलब उन्हें संकेत मिल जाएगा की कैबिनेट विस्तार में उनकी कुर्सी खतरे में है। ये रिपोर्ट कार्ड कैबिनेट विस्तार में फेरबदल का आधार बनेगा। इसकी थीम ‘विकसित भारत 2047’ है।
पीएम मोदी ने पहली बार 76वें स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2022) पर लाल किला से विकसित भारत 2047 की बात की थी। उन्होंने अगले 25 सालों में भारत को पूरी तरह से विकसित देश बनाने का संकल्प लिया था।
इससे पहले 2021 में वरिष्ठ अधिकारियों की 10 टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने देश के विकास का जो डेटा जुटाया है, बैठक में उसी के आधार पर आगे की रणनीति बनेगी।
विकसित भारत 2047 की तैयारी 2021 से चल रही है। तब सचिवों के 10 सेक्टोरल ग्रुप बनाए गए थे।
इन ग्रुप्स को विजन @2047 तैयार करने और कम व लंबे समय की योजनाओं का रोडमैप बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से अभी तक कैबिनेट ने विकसित भारत के अलग-अलग पहलुओं पर आठ प्रजेंटेशन्स और चर्चाएं की हैं।


