छत्तीसगढ़ की तरह उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। यहां बिलासपुर में स्कूल से घर लौट रहे तीन बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। रविवार को तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। यूपी में भी बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से 19 जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। बाराबंकी में करीब 1,250 ग्रामीणों के लिए नाव ही आने-जाने का सहारा बनी हुई है। लोगों को रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी हो रही है। मध्य प्रदेश के सीधी में शनिवार को ₹104 करोड़ लागत से 6 महीने पहले बनी सड़क का बड़ा हिस्सा बारिश में बह गया। नरसिंहपुर में रेतघाट पुल पानी में डूब गया है। सतना में बाइक समेत तीन लोग नाले में बह गए। इनमें दो लोग बच गए, तीसरा लापता है। पन्ना में उफनती नदी में एक डंपर बह गया।
हिमाचल प्रदेश में अगले 5 दिनों तक मानसून कमजोर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 27 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में कई क्षेत्रों में धूप खिलेगी, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।छत्तीसगढ़ में अगले 7 दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे में उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया सिस्टम बन रहा है। इसके असर से आने वाले दिनों में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।दिल्ली एयरपोर्ट के आसपास मौसम विभाग ने खराब मौसम की चेतावनी दी है। हालांकि, अभी एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य है। एयरपोर्ट की टीमें दूसरी एजेंसियों के साथ मिलकर यात्रियों को किसी परेशानी से बचाने के लिए काम कर रही हैं। यात्रियों से कहा गया है कि वे अपनी उड़ान की जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें।
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के अलग-अलग हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। मौसम खराब होने के चलते जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने खासकर ऊंचाई वाले इलाकों और नदियों, नालों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से खराब मौसम के दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की गई है।


