छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से भारी बारिश हुई। इससे बस्तर की इंद्रावती नदी का जलस्तर 53 साल बाद 12.39 मीटर पहुंच गया। 9 जुलाई 1973 के 12.18 मीटर के पुराने रिकॉर्ड से 21cm ज्यादा है। जगदलपुर में बाढ़ के कारण कई निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। ड्रोन तस्वीरों में इन इलाकों में पानी भरा दिखाई दे रहा है।
पानी बढ़ने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार को 833 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए जिले में 65 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें 8,894 लोग रह रहे हैं।
राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से जयपुर, बीकानेर और चूरू में बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम बदलने से रात में ठंड बढ़ गई और शेखावाटी में न्यूनतम पारा 20°C से नीचे पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2-3 दिनों में पारा 3-4°C बढ़ सकता है।
यूपी में सितंबर के महीने में जनवरी जैसा कोहरा छाया है। अमेठी, रामपुर और बदायूं में मंगलवार सुबह घनी धुंध दिखाई दी। 25 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया। लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ।
बिजनौर में स्टेट हाईवे पर गंगा नदी का पानी भर गया है। गाड़ियां 3-4 फीट पानी से निकल रही हैं। बाराबंकी में 350 साल पुरानी मजार सरयू नदी में समा गई है। बदायूं में 100 मीटर सड़क बाढ़ के तेज बहाव में बह गई। कानपुर में भी सड़कें जलमग्न हैं।
उत्तर भारत में मौसम बदलने से दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सितंबर की 25 साल में दूसरी सबसे ठंडी रात रही। इसके बाद दिल्ली सरकार ने सर्दियों में प्रदूषण से निपटने के लिए प्रतिबंधों का ऐलान किया है।


