फरीदाबाद । भारत निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संबंधित कार्यों को मिशन मोड में संचालित किया जाए। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) तथा सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए कि अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन इसकी प्रगति की निगरानी करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें। उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि गणना प्रपत्रों की छपाई, वितरण एवं प्रशिक्षण संबंधी अधिकांश तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, इसलिए अब पूरा ध्यान फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन पर केंद्रित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन जिलों में प्रपत्र वितरण की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं है, वहां वरिष्ठ अधिकारी स्वयं हस्तक्षेप कर कार्य में तेजी लाएं।
वर्चुअल माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण और सत्यापन कार्य में और अधिक तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र मतदाताओं तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अभियान निर्धारित समयसीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरान्त उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को जिले में मिशन मोड में संचालित किया जाए। सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ), सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रत्येक बीएलओ को प्रतिदिन अधिकतम संख्या में गणना प्रपत्र वितरित करने होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन बीएलओ द्वारा अभी तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है अथवा जिनकी प्रगति अपेक्षित नहीं है, उनकी व्यक्तिगत रूप से समीक्षा की जाए तथा आवश्यकतानुसार उनसे स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि सभी ईआरओ एवं एईआरओ स्वयं फील्ड गतिविधियों की निगरानी करें तथा बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक स्तर पर दैनिक लक्ष्य निर्धारित किए जाएं और उनकी उपलब्धि की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। इसके लिए निर्वाचन विभाग के डैशबोर्ड का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रत्येक दो घंटे में प्रगति की समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान आने वाली किसी भी प्रकार की शंका या समस्या का त्वरित समाधान किया जाए ताकि फील्ड स्तर पर कार्य प्रभावित न हो।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यह अभियान सामान्य प्रशासनिक गतिविधि नहीं बल्कि एक महत्वपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया है। इसलिए आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग भी लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस कार्य को चुनाव की तैयारियों की तरह गंभीरता से लें और प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके।
समीक्षा बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, सीईओ जिला परिषद शिखा, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, एचएसवीपी स्टेट अधिकारी नवीन कुमार सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।


