दिल्ली में रविवार दोपहर गिरी इमारत का मलबा अभी भी हटाया जा रहा है। सोमवार को मलबे से एक और शव मिला है। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और 12 लोगों को बचाया गया है।
5 लोग गंभीर घायल हैं, जिन्हें एम्स में भर्ती कराया गया है। अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लोगों की तलाश की जा रही है।
मालिक हरिराम बंसल फरार है। दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। उसे पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाई हैं। साउथ कैंपस थाने में हरिराम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, इमारत की देखरेख में लापरवाही और लोगों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में केस दर्ज किया था।
हादसा दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। गिरी हुई इमारत करीब 40 साल पुरानी थी। दिल्ली नगर निगम (MCD) के रिकॉर्ड में इस इमारत को खतरनाक घोषित नहीं किया गया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इमारत के बेसमेंट में पिछले 7 दिनों से तोड़फोड़ का काम चल रहा था। बेसमेंट पहले से कमजोर था और उसमें पानी भी भरा हुआ था। खुदाई के दौरान एक पिलर खिसक गया, जिससे पूरी इमारत ढह गई। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर भी मलबे में दब गए।
सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास बसा प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र PG और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके में कई हॉस्टल हैं। इनके आसपास ही दिल्ली यूनिवर्सिटी के वेंकटेश्वर कॉलेज, आर्यभट्ट, मोतीलाल नेहरू और मैत्रेयी कॉलेज हैं।
इसी वजह से यहां दिनभर छात्रों की आवाजाही रहती है। हालांकि, सत्य निकेतन में कुल कितने छात्र रहते हैं, इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है।
3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने की 1133 घटनाएं
2022 से 2025 तक यानी 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के 1133 मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई है।
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को सत्य निकेतन बिल्डिंग गिरने से जुड़ी जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई के लिए सहमति जताई है। अनिकेत कुमार गुप्ता की ओर से दाखिल PIL में हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 1 करोड़ रुपए मुआवजा देने और दिल्ली के सभी पीजी और हॉस्टल का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने की मांग की गई है। याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच के सामने की गई।


