नोएडा में बुधवार सुबह 11 बजे 4 मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई। हादसे में 2 लोग जिंदा जल गए। एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। फायर ब्रिगेड ने सीढ़ियों के सहारे 50 परिवारों का रेस्क्यू किया।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि बिल्डिंग के बेसमेंट में इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान उसमें धमाका हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। 30 से 40 बाइकें जलकर राख हो गईं।
धुआं उठता देखकर बिल्डिंग के आसपास रहने वाले सैकड़ों लोग सड़क पर आ गए। बिल्डिंग के निचले हिस्से में फंसे लोग बाहर निकल गए, लेकिन ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग फंस गए।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन भीड़ और संकरी गलियों के चलते वे बिल्डिंग तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में गाड़ियों को सड़क पर ही खड़ा करना पड़ा। इसके बाद पाइप जोड़कर आग पर काबू पाया गया। इसमें करीब 3 घंटे लगे।
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने जिस बिल्डिंग में आग लगी थी, उसकी छत से सामने वाली बिल्डिंग तक सीढ़ियां लगाकर पुल बनाया। फिर उसके सहारे लोगों को दूसरी बिल्डिंग में सुरक्षित पहुंचाया। पुलिस ने बिल्डिंग मालिक को हिरासत में ले लिया है। हादसे में जाने गंवाने की वाली लड़की स्नेहा श्रीवास्तव (22) बिहार की रहने वाली थी। अभी युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
बिल्डिंग में करीब 50 कमरे थे। आग सेक्टर-66 के ममूरा इलाके में लगी। यह भीड़भाड़ वाला इलाका है। यहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग परिवार के साथ रहते हैं।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया- थाना फेज-3 क्षेत्र के मामूरा, सेक्टर-66 स्थित एक रिहायशी बिल्डिंग के प्रथम तल पर चार्जिंग में लगी एक ई-स्कूटी में स्पार्किंग होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े अन्य दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठे घने धुएं ने सीढ़ियों के रास्ते पूरी बिल्डिंग में फैलकर ऊपरी मंजिलों तक बने कमरों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना में कोई व्यक्ति आग से झुलसा नहीं, लेकिन धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां स्नेहा श्रीवास्तव नाम की युवती और एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बिल्डिंग के लीज होल्डर और संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।


