उत्तर प्रदेश में शनिवार को सर्दी के इस सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। 15 जिलों में 40 से ज्यादा वाहन कोहरे के कारण टकरा गए। इन घटनाओं में डेढ़ साल की बच्ची समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा घायल हुए। राज्य में 100 से ज्यादा ट्रेन देरी से चल रही हैं।
जम्मू-कश्मीर में भयंकर सर्दी का 40 दिन का चिल्लई कलां जारी है। आज इसका 28वां दिन है। कश्मीर में मिनिमम टेम्परेचर में भारी गिरावट आई। श्रीनगर में टेम्परेचर -4.0°C रहा, शोपियां -5.6°C रहा। इनके अलावा पहलगाम -2.6°C, गुलमर्ग -4.2°C, सोनमर्ग -2.9°C रहा हिमाचल के लाहौल स्पीति और चंबा में बर्फबारी हुई। स्पीति के शिंकुला दर्रा में 25 टूरिस्ट व्हीकल स्नोफॉल में फंस गए, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया शिमला और चौपाल के अलावा सभी शहरों के तापमान में बढ़ोतरी हुई। सियोबाग का पारा 1.0°C से सीधे 8.0°C पहुंचा।
उत्तराखंड के 4 जिलों में नदी-नाले और झरने जम चुके हैं, जिसमें पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाके शामिल है। इन इलाकों में पानी की पाइपलाइन भी जम चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 जनवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।बिहार में अभी सर्दी से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से तेज सर्दी पड़ने के संकेत दिए हैं। पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से 22 जनवरी के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। अभी भी राज्य के 10 जिलों का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे है। वहीं, बीते 24 घंटे में भागलपुर का सबौर सबसे सर्द रहा। यहां 5 डिग्री के आसपास टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया है।


