पुणे के COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी हॉस्टल कैंपस में शुक्रवार रात को NSUI और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यह विवाद राहुल गांधी के शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले हुआ।
घटना के बाद हॉस्टल में पुलिस तैनात की गई। ABVP का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ता छात्राओं पर राहुल के प्रोग्राम के लिए रजिस्ट्रेशन का दबाव डाल रहे थे। वहीं, NSUI ने दावा किया कि कार्यक्रम के समर्थन में बोलने वाली 2 छात्राओं को ABVP सदस्यों ने हॉस्टल में रोककर धमकाया।
यहां ABVP छात्र से मारपीट के मामले में 6 नामजद लोगों और करीब 50-60 NSUI व यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है।
राहुल आज पुणे में स्टूडेंट्स से बात करेंगे। इससे पहले उन्होंने कोटा में 17 जून, देहरादून में 17 जुलाई और प्रयागराज में 8 अगस्त को ये कार्यक्रम किया था। उन्होंने पेपर लीक और देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े मुद्दे उठाए थे।
राहुल गांधी ने प्रयागराज में कहा कि सिस्टम ने युवाओं को चक्रव्यूह में फंसा दिया है। इनसे कहा जाता है कि आपको जितनी रील बनाना है, बनाओ। मजदूरी करो। 21वीं सदी का नशा लो, लेकिन नौकरी नहीं मिल सकती है।देहरादून के बन्नू स्कूल ग्राउंड में राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ एक फीसदी लोग पेपर लीक का रास्ता अपनाते हैं, लेकिन इसकी कीमत 99 फीसदी ईमानदार और गरीब युवाओं को चुकानी पड़ती है। राहुल गांधी ने कोटा के दशहरा मैदान में कहा कि ये कार्यक्रम कोई राजनीति का कार्यक्रम नहीं है, ये युवाओं, छात्रों की आवाज उठाने का मंच है। आज सिर्फ स्टूडेंट्स और युवाओं की बात होगी।


