प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पंजाब में कट्टर बेईमान पार्टी (AAP) की सरकार है। यहां की सरकार कर्ज पर मौज कर रही है। इस पार्टी ने किसानों और बहन-बेटियों के साथ धोखा किया है। यहां किस दिशा से गोलियां चलने लगे, कोई कह नहीं सकता। व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो चुका है। थानों पर अटैक हो रहे हैं।
पीएम ने कहा कि यहां कांग्रेस का भी अपना रोना धोना चल रहा है। इनका तो कुर्सी का किस्सा खत्म नहीं हो रहा है। अकाली दल का भी यही हाल है। उनकी अपनी उलझनें खत्म नहीं हो रही हैं। पंजाब में BJP ही लाएगी असली बदलाव। ये बातें उन्होंने शुक्रवार (17 जुलाई) को जालंधर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
यहां उन्होंने 5470 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस (अमृतसर के छेहर्टा से वाराणसी तक) को हरी झंडी दिखाने से पहले स्कूली बच्चों से बात की। इसके बाद वह ट्रेन में ही डेरा सचखंड बल्लां के संत निरंजन दास से मिले।
इसके बाद पीएम किसान नेताओं वाली हरी पगड़ी पहनकर जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। रैली में AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए विक्रमजीत साहनी, हरभजन सिंह व अशोक मित्तल भी मौजूद रहे। वहीं पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह नहीं पहुंचे।
इससे पहले उन्होंने हरियाणा के जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। बाद में चंडीगढ़ में उन्होंने 10 प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में नए एमबीबीएस कॉलेज को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही वहां पढ़ाई शुरू होगी। यहां मंच पर चंडीगढ़ से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि साथियो पंजाब में अब भाजपा सरकार की जरूरत है। बीजेपी सरकार ही पंजाब का विकास कर सकती है। आज जालंधर आया हूं तो युवाओं से एक बात कहूंगा। मुझे पंजाब के युवाओं पर पूरा भरोसा है। पंजाब के युवा खेल के मैदान में जो जज्बा दिखाते हैं वो काबिल ए तारीफ है। खेलो इंडिया पॉलिसी आपके लिए ही है।
नई इकोनॉमी के केंद्र में स्पोर्ट्स भी है जो जालंधर के लिए वरदान है। मैं अभी न्यूजीलैंड गया था। वहां स्पोर्ट्स में 5 बड़े समझौते हुए हैं। इसलिए पंजाब के युवाओ स्पोर्ट्स से जुड़ो। हमें पंजाब को आगे ले जाना है। मोदी हरदम पंजाब के युवाओं के साथ है।


