पुणे के केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुलिस आरोपी चेतन चौधरी का गेट एनालिसिस करेगी। गेट एनालिसिस यानी पुलिस चेतन के चलने का तरीका, बॉडी मूमेंट, कदमों की लंबाई की जांच करेगी। ऐसा इसलिए किया जा रहा है क्योंकि दावा है कि 18 जून को (मर्डर वाले दिन) लोहगढ़ फोर्ट पर हुडी पहने दिखा युवक चेतन ही था।
इधर, मर्डर के इस मामले में नया कानूनी विवाद सामने आया है। आरोपी सिया का केस लड़ने को लेकर आशुतोष श्रीवास्तव नाम के वकील और सिया के परिवार के बीच विवाद की स्थिति बनती दिख रही है।
दरअसल, 2 वकीलों आशुतोष श्रीवास्तव और विपुल दुशिंग ने सिया गोयल की ओर से कोर्ट में पैरवी करने का दावा किया है। आशुतोष का कहना है कि सिया गोयल ने अपना केस लड़ने के लिए उन्हें नियुक्त किया है।
29 जून को सिया के भाई साहिल ने कहा कि हमारे वकील विपुल दुशिंग हैं। आशुतोष श्रीवास्तव हमारे वकील नहीं है, वे हम पर प्रेशर बना रहे हैं। इसके बाद श्रीवास्तव ने साहिल को 10 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा।
मामला 29 जून को सुनवाई के दौरान बढ़ा। जब वडगांव मावल कोर्ट में सुनवाई के दौरान सिया ने कथित तौर पर कहा कि आशुतोष श्रीवास्तव मेरे वकील नहीं हैं। मेरी ओर से विपुल दुशिंग पैरवी कर रहे हैं।
इसके बाद आशुतोष श्रीवास्तव ने साहिल गोयल को कानूनी नोटिस भेजकर 10 करोड़ रुपए हर्जाने की मांग की है। नोटिस में उन्होंने मांग की है कि साहिल (सिया का भाई) उनके खिलाफ दिए गए कथित बयान तुरंत वापस लें। सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें।
केतन मर्डर केस में आरोपी चेतन चौधरी राजस्थान के जोधपुर के पलासनी गांव का रहने वाला है। दैनिक भास्कर ने चेतन के दोस्तों से बातचीत की है। उनके मुताबिक, चेतन के पिता की दुकान (किराना) के सामने सिया गोयल के पिता का ऑफिस है। चेतन पुणे में ही पढ़ाई करता था।
कॉलेज में पढ़ाई के साथ-साथ वह क्रिकेट भी खेलता था। इस दौरान वह (चेतन) सिया के भाई साहिल के संपर्क में आया। इसके बाद सिया से दोस्ती हुई। दोनों उदयपुर और जोधपुर भी घूमने आए थे।
इस दौरान जोधपुर में चेतन के दोस्तों ने उसे सिया के साथ देखा था। चेतन ने अपने दोस्तों को बताया था कि वह और सिया रिलेशनशिप में हैं। जल्द ही शादी करेंगे।


